मुंबई/पुणे/नासिक. महाराष्ट्र सदन घोटाले की जांच कर रही एंटी
करप्शन ब्यूरो ने मंगलवार को राज्य के पूर्व लोकनिर्माण मंत्री छगन भुजबल
के 16 ठिकानों पर छापे मारकर अरबों रुपए की संपत्ति जब्त कर ली। भुजबल शरद
पवार की पार्टी एनसीपी के वरिष्ठ नेता हैं और पहले शिवसेना में भी रह चुके
हैं। भुजबल के साथ ही उनके बेटे पंकज और भतीजे समीर के भी घर और ऑफिस की
तलाशी ली गई। सूत्रों के मुताबिक कुल मिलाकर ढाई हजार करोड़ की संपत्ति का
पता लगा है। नासिक में 100 करोड़ का बंगला छगन के बेटे पंकज के नाम है।
छापे मुंबई, ठाणे, नासिक और पुणे में मारे गए।
अभी जारी रहेगी छापेमारी
सूत्रों के मुताबिक, भुजबल परिवार की संपत्तियों पर एसीबी की छापेमारी अभी जारी रहेगी। मंगलवार को सुबह आठ बजे एसीबी की अलग-अलग टीमों ने एक साथ छापेमारी की। छापेमारी के लिए गई हर टीम में आठ से 10 सदस्य थे।
नासिक में 100 करोड़ का बंगला
डीजीपी (एसीबी) प्रवीण दीक्षित ने बताया कि छापे में पंकज के नाम पर नासिक में 100 करोड़ रुपए का बंगला मिला है। 46,500 वर्ग फुट में फैले इस बंगले में 25 कमरे, स्वीमिंग पूल और जिम भी हैं। पुणे में भी करोड़ों रुपए की संपत्ति मिली। लोनावला में 2.82 हेक्टेयर में फैले छह बेडरूम वाले बंगले में हेलीपैड, स्वीमिंग पूल के साथ विदेशी फर्नीचर व प्राचीन मूर्ति मिली है।
हाईकोर्ट के कहने पर दर्ज हुईं दो एफआईआर
बॉम्बे हाईकोर्ट के आदेश पर एसीबी ने भुजबल के खिलाफ दो एफआईआर दर्ज की हैं। एक मामला दिल्ली में नए महाराष्ट्र सदन का है, जबकि दूसरा मुंबई यूनिवर्सिटी की जमीन निजी बिल्डर को कौड़ियों के मोल देने का है। भुजबल, उनके विधायक बेटे पंकज और पूर्व सांसद भतीजे समीर भुजबल पर आरोप हैं कि उन्होंने दोनों मामलों में करोड़ों की हेराफेरी की है।
इन ठिकानों की हुई तलाशी
मुंबई : सुखदा अपार्टमेंट, फ्लैट नंबर 1901, वरली, मिलेशिया अपार्टमेंट, फ्लैट नंबर 17/18, मझगांव, माणेक महल, पांचवी मंजिल, चर्चगेट, माणेक महल, सातवीं मंजिल, चर्चगेट, सागर मंदिर सोसायटी, माहिम, साई कुंज, फ्लैट नंबर 4 और 7, दादर, सालिटेयर बिल्डिंग, सातवीं मंजिल, सांताक्रूज
ठाणे : लाजवंती बंगला, पारसिक हिल, ठाणे, मारुति पैराडाइज और
मारुति इन्क्लेव, एवरेस्ट सोसायटी, फ्लैट व दुकान नंबर 502, 612, 10, 909,
7, 503, 105, 501, 15, 17, 18, 43 सीबीडी बेलापुर, नई मुंबई
नासिक : चंद्राई बंगला, भुजबल फार्म नासिक, भुजबल पैलेस, भुजबल
फार्म, येवला इलाके में स्थित बंगला और ऑफिस, मनमाड़ में बंगला और ऑफिस,
राम बंगला, भुजबल फार्म, नासिक
पुणे : लोनावला में हेलिपैड के साथ बंगला और 65 एकड़ जमीन - ग्राफिकॉन आर्केड, फ्लैट नंबर 208, संगमवाडी पुणे
भाजपा का दावा- भुजबल की संपत्ति 2500 करोड़ रुपए से ज्यादा
भाजपा नेता किरीट सोमैया का दावा है कि भुजबल के पास ढाई हजार करोड़ रुपए से ज्यादा की संपत्ति है। सोमैया के मुताबिक जिन संपत्तियों पर छापेमारी की गई है वे भुजबल की कुल संपत्तियों की 25 फीसदी ही हैं। जल्द ही भुजबल परिवार की अकूत संपत्ति का खुलासा हो जाएगा। सोमैया ने कहा है कि बहुत जल्द इस घोटाले में शामिल सभी लोग जेल जाएंगे। उधर, भुजबल के करीबी लोगों का कहना है कि एसीबी ने जिन ठिकानों पर छापे मारे हैं, वह संपत्ति उन्होंने चुनाव आयोग को दिए हलफनामे में पहले से घोषित कर रखी है। परंतु इस बात की अधिकृत तौर पर पुष्टि नहीं हो पाई है।
“एसीबी ने अपनी कार्रवाई को सफलता पूर्वक अंजाम दिया। खंगाले हुए दस्तावेज तथा सामग्री के बारे में कोई जानकारी नहीं दे सकते।”
- दिगंबर प्रधान पुलिस अधीक्षक, एसीबी, नासिक
- दिगंबर प्रधान पुलिस अधीक्षक, एसीबी, नासिक
“हाइकोर्ट ने एसीबी को जांच के आदेश दिए थे एफआईआर दर्ज करने के नहीं। राज्य सरकार बदले की भावना से काम कर रही है। ”
- नबाव मलिक, प्रवक्ता, राकांपा
“राज्य सरकार ने भुजबल के खिलाफ किसी भी प्रकार से बदले की भावना के
तहत कार्रवाई नहीं की है। जांच हाईकोर्ट की निगरानी में चल रही है। ”