लखनऊ. उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम प्रबंधन प्रदेश भर
में यात्रियों को समाजवादी शीतल जल पिलाने की तैयारी कर रहा है। आने वाले
कुछ दिनों में 175 बस अड्डों पर वाटर एटीएम लगाए जाएंगे। परिवहन विभाग
यात्रियों को बस स्टेशन पर एटीएम के माध्यम से पानी पिलाएगा। हालांकि, इस
गर्मी में ऐसा संभव हो पाना काफी मुश्किल नजर आ रहा है। निकट भविष्य में
निगम प्रबंधन, यात्रियों को शीतल जल की सुविधा भी प्रदान करेगा। निगम
प्रबंधन ने इसके लिए कवायद भी शुरू कर दी है।
बताते चलें कि प्रबंधन बीते 12 मई को समाजवादी शीतल पेयजल योजना के
तहत शुरू किए गए वाटर एटीएम को प्रदेश के अधिकतर बस स्टेशनों पर लगाने की
तैयारी कर रहा है। पहले चरण में प्रदेश भर में 175 बस स्टेशनों पर वाटर
एटीएम लगाए जाने के लिए परिवहन निगम अधिकारियों ने तैयारियां शुरू कर दी
हैं। पिछले साल अक्टूबर से ही परिवहन निगम अपने यात्रियों को परिवहन नीर
पिलाने की कोशिश कर रहा है। इसमें फिलहाल उसे नाकामयाबी ही हाथ लगी है।
इसकी वजह है कि परिवहन निगम प्रबंधन को परिवहन नीर प्लांट के लिए अब तक कोई
कंपनी नहीं मिली है। शुरुआत में कुछ कंपनियों ने इसमें दिलचस्पी दिखाई
लेकिन बाद में निगम के मानकों पर खरा न उतर पाने के चलते ये कंपनियां अपने
आप ही बाहर हो गईं।
चारबाग स्टेशन पर हुई वाटर एटीएम की स्थापना
अभी एक से दो महीने पहले एक कंपनी ने परिवहन निगम प्रबंधन से परिवहन
नीर के बाबत संपर्क भी किया। इसमें कंपनी प्रबंधन ने फर्जी कागजात लगाकर
परिवहन अधिकारियों को ही बरगलाने का प्रयास किया। नतीजतन, अधिकारियों ने
कंपनी का टेंडर निरस्त कर दिया। वर्तमान में परिवहन निगम प्रबंधन के पास
कोई ऐसी कंपनी नहीं है, जिससे परिवहन नीर की योजना को साकार रूप मिल सके।
ऐसे में अब परिवहन अधिकारियों के सामने अपने यात्रियों को वाटर एटीएम से ही
पानी पिलाने का एक मात्र विकल्प है। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम
के अपर प्रबंध निदेशक के विजयेंद्र पांडियन ने बताया कि मुख्यमंत्री अखिलेश
यादव की इस योजना के तहत पहले वाटर एटीएम की स्थापना चारबाग बस स्टॉप पर
की गई। इससे यात्रियों को भीषण गर्मी में बेहद कम कीमत पर शुद्ध पानी की
सुविधा उपलब्ध कराई गई।
No comments:
Post a Comment