Friday, 5 June 2015

Inside Truth Of Railway Pantry Car ट्रेनों की रसोई, कहीं गंदे पानी तो कहीं शौचालय किनारे बन रहा आपका खाना

स्टेशन पर शौचालय के पास रखी बर्फ की सिल्ली, जिसका पानी यात्रियों को दिया जाता है(बाएँ), गंदगी से सने तवे पर बनती रोटियां, इस चूल्हे के पास कई कीड़े रेंगते हुए पाए गए
स्टेशन पर शौचालय के पास रखी बर्फ की सिल्ली, जिसका पानी यात्रियों को दिया जाता है(बाएँ), गंदगी से सने तवे पर बनती रोटियां, इस चूल्हे के पास कई कीड़े रेंगते हुए पाए गए
कोटा/ जयपुर( राजस्थान). ट्रेन में यात्रियों को मिलने वाली सुविधाओं और खाद्य पदार्थों की शुद्धता चेक करने के लिए गुरुवार को भास्कर टीम जयपुर-मुंबई सुपरफास्ट ट्रेन में छापेमारी की। यहां जो कुछ देखने को मिला, उससे तो खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से भरोसा ही उठ गया। पेंट्रीकार में खाने की शुद्धता से खिलवाड़ किया जा रहा था। इस नजारे को टीम ने अपने कैमरे में कैद कर लिया। यहां पड़े चूल्हे पूरी तरह से काले हो चुके थे, जिन पर काफी गंदगी जमी हुई थी। इसके अलावा कोटा से चढ़ाई गई बर्फ की सिल्ली शौचालय के पास पड़ी थी।

गाड़ी संख्या 12956 जयपुर-मुंबई ट्रेन गुरुवार को अपने निर्धारित समय से 10 मिनट लेट 5:30 बजे कोटा के प्लेटफार्म नंबर दो पर पहुंची। भास्कर टीम पेंट्रीकार में पहुंची तो वहां हर तरफ गंदगी ही गंदगी नजर आ रही थी। इसके अलावा कुकिंग मना होने के बाद भी एक चूल्हे पर चाउमीन बनाया जा रहा था। पेंट्रीकार में कीड़े तक रेंग रहे थे। ट्रेन चलने के समय उसमें कोटा के एसीएम एनके मीणा व सीटीआई बीडी रज्जक पेंट्रीकार में पहुंचे। उन्होंने कोटा से नागदा के बीच पेंट्रीकार को चेक किया।
यात्रियों से खानपान की गुणवत्ता की जानकारी ली। चेकिंग के दौरान शामगढ़ के पास पेंट्रीकार में तवे पर रोटियां सेंकते हुए पाई गई। साथ ही कई यात्रियों ने वाणिज्य विभाग की टीम को खानपान की वस्तुओं को मनमाने दाम पर बेचे जाने की शिकायत की। जांच में पेय पदार्थों का लाइसेंस रिन्यू नहीं मिला।
राजधानी में लग चुकी है आग
मुंबई-दिल्ली-मुंबई के बीच चलने वाली राजधानी एक्सप्रेस में कोटा-नागदा खंड के शामगढ़ रेलवे स्टेशन के पास दो साल पहले आग लग चुकी थी, पेंट्रीकार के साथ ही पास जुड़ा हुआ कोच भी जल गया था। इस मामले की जांच हुई थी। इसके बाद से ही पेंट्रीकार में कुकिंग पर रोक लगा दी गई थी। यानी पेंट्रीकार को कुकिंग फ्री कर दिया गया था। लेकिन, इसके बावजूद ट्रेन के पेंट्रीकार में तवे पर रोटी सेंके जाने की घटना गंभीर है।
1500 यात्रियों की जान जोखिम में
ट्रेन के पेंट्रीकार में तवे पर रोटी रोकने की घटना ने सवार लगभग 1500 यात्रियों की जान को जोखिम में डाला है। इस बारे में जांच करने वाले एसीएम एनके मीणा से चर्चा की गई तो उनका कहना था कि पेंट्रीकार संचालक फर्म सनशाइन प्राइवेट लिमिटेड व उनके मैनेजर शाहिद अनवर ने रेलवे बोर्ड की पेंट्रीकार में कुकिंग नहीं करने के नियम का खुला उल्लंघन किया है। इस मामले में 50 हजार से ज्यादा के जुर्माने की सिफारिश की जाएगी। एक साल पहले भी इस ट्रेन में खानपान सामग्री बनाते पकड़ा गया था। उस समय पेंट्रीकार के बर्तन व अन्य वस्तुएं जप्त कर ली गई थी।

Thursday, 4 June 2015

यूपी में वाटर एटीएम की सुविधा से लैस होंगे 175 बस अड्डे

फाइल फोटो।
फाइल फोटो।
लखनऊ. उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम प्रबंधन प्रदेश भर में यात्रियों को समाजवादी शीतल जल पिलाने की तैयारी कर रहा है। आने वाले कुछ दिनों में 175 बस अड्डों पर वाटर एटीएम लगाए जाएंगे। परिवहन विभाग यात्रियों को बस स्टेशन पर एटीएम के माध्यम से पानी पिलाएगा। हालांकि, इस गर्मी में ऐसा संभव हो पाना काफी मुश्किल नजर आ रहा है। निकट भविष्य में निगम प्रबंधन, यात्रियों को शीतल जल की सुविधा भी प्रदान करेगा। निगम प्रबंधन ने इसके लिए कवायद भी शुरू कर दी है।
बताते चलें कि प्रबंधन बीते 12 मई को समाजवादी शीतल पेयजल योजना के तहत शुरू किए गए वाटर एटीएम को प्रदेश के अधिकतर बस स्टेशनों पर लगाने की तैयारी कर रहा है। पहले चरण में प्रदेश भर में 175 बस स्टेशनों पर वाटर एटीएम लगाए जाने के लिए परिवहन निगम अधिकारियों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। पिछले साल अक्टूबर से ही परिवहन निगम अपने यात्रियों को परिवहन नीर पिलाने की कोशिश कर रहा है। इसमें फिलहाल उसे नाकामयाबी ही हाथ लगी है। इसकी वजह है कि परिवहन निगम प्रबंधन को परिवहन नीर प्लांट के लिए अब तक कोई कंपनी नहीं मिली है। शुरुआत में कुछ कंपनियों ने इसमें दिलचस्पी दिखाई लेकिन बाद में निगम के मानकों पर खरा न उतर पाने के चलते ये कंपनियां अपने आप ही बाहर हो गईं।
चारबाग स्‍टेशन पर हुई वाटर एटीएम की स्‍थापना
अभी एक से दो महीने पहले एक कंपनी ने परिवहन निगम प्रबंधन से परिवहन नीर के बाबत संपर्क भी किया। इसमें कंपनी प्रबंधन ने फर्जी कागजात लगाकर परिवहन अधिकारियों को ही बरगलाने का प्रयास किया। नतीजतन, अधिकारियों ने कंपनी का टेंडर निरस्त कर दिया। वर्तमान में परिवहन निगम प्रबंधन के पास कोई ऐसी कंपनी नहीं है, जिससे परिवहन नीर की योजना को साकार रूप मिल सके। ऐसे में अब परिवहन अधिकारियों के सामने अपने यात्रियों को वाटर एटीएम से ही पानी पिलाने का एक मात्र विकल्प है। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के अपर प्रबंध निदेशक के विजयेंद्र पांडियन ने बताया कि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की इस योजना के तहत पहले वाटर एटीएम की स्थापना चारबाग बस स्‍टॉप पर की गई। इससे यात्रियों को भीषण गर्मी में बेहद कम कीमत पर शुद्ध पानी की सुविधा उपलब्ध कराई गई।

Thursday, 28 May 2015

प्लेन में यात्रियों ने किया हंगामा तो पायलट ने दी पिज्जा पार्टी

यात्रियों के बीच पिज्जा बांटती एयरहोस्टेस।
यात्रियों के बीच पिज्जा बांटती एयरहोस्टेस।
लंदन। कभी-कभी छोटी-छोटी कोशिश बड़ा रिजल्ट दे जाती है। ऐसी ही एक छोटी सी कोशिश ने हंगामा कर रहे प्लेन के यात्रियों को सिर्फ शांत कर दिया बल्कि उनका दिल भी जीत लिया। दरअसल खराब मौसम की वजह से अटलांटा जा रही डेल्टा एयरलाइंस की फ्लाइट को मंगलवार को जॉर्जिया के नॉक्सविले एयरपोर्ट पर उतरना पड़ा। ढाई घंटे तक विमान रनवे पर खड़ा रहा। इस देरी से यात्रियों का धैर्य जवाब दे गया। वे हंगामा करने लगे।
क्रू मेंबर यात्रियों को समझाते रहे लेकिन वे मानने को तैयार ही नहीं हो रहे थे। एयर कंट्रोल बोर्ड की तरफ से भी उड़ान भरने की इजाजत नहीं मिल रही थी। इस बीच विमान के पायलट ने झगड़ा रोकने के लिए एक अनोखा तरीका निकाला। उसने बिना किसी को बताए सभी यात्रियों के लिए पिज़्जा ऑर्डर कर दिया। वो भी अलग-अलग फ्लेवर में। इसके बाद विमान के स्टॉफ ने सभी यात्रियों को उनकी पसंद के पिज्जा दिए। पायलट के इस प्रयास ने उसे यात्रियों के बीच हीरो बना दिया।
लोगों को अपनी गलती का एहसास भी हुआ और उन्होंने इसके लिए पायलट से माफी भी मांगी और पिज़्जा पार्टी के लिए उसे थैंक्स भी कहा। इन सबके बीच अनुमति मिलने के बाद विमान ने अटलांटा के लिए उड़ान भरी और साढ़े तीन घंटे की देरी के साथ शाम साढ़े सात बजे अपनी मंजिल पर पहुंच गया। यात्रियों ने पिज़्जा पार्टी की फोटो टि्वटर पर पोस्ट की।
एक यात्री रिले ने लिखा कि खराब मौसम की वजह से हमारे विमान को नॉक्सविले एयरपोर्ट पर उतरना पड़ा। इसलिए विमान के पायलट हमें पिज़्जा खिला रहे हैं। एक और यात्री जिल ने लिखा कि इससे अच्छा क्या हो सकता है कि रात की फ्लाइट आपकी विलंब हो जाए और आपको फ्री में पिज़्जा मिले। इसके बाद टि्वटर पर फ्री पिज़्जा हैश टैग हो गया। खराब मौसम की वजह से इसी समय ओहियो, मिसीसिप्पी, इलिनॉय में फंसे यात्रियों ने अपने पायलटों से पिज़्जा पार्टी देने की मांग की।

Wednesday, 27 May 2015

ओबामा को केन्या से ऑफर: 50 गाय ले लो, बदले में बेटी से शादी करा दो

ओबामा को केन्या से ऑफर: 50 गाय ले लो, बदले में बेटी से शादी करा दो
वाशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के सामने केन्या से अजीब पेशकश आई है। नैरोबी के एक वकील फेलिक्स किपरोनो ने कहा है कि ओबामा अपनी बड़ी बेटी मालिया से उसकी शादी करा दें तो बदले में वह 50 गाय, 70 भेड़ और 30 बकरी देने को तैयार है।
नैरोबी के एक अखबार ने किपरोनो की पेशकश छापी है। खबर में किपरोनो की उम्र तो नहीं बताई, लेकिन यह जरूर बताया है कि लंबे अरसे से वह 16 साल की बेटी मालिया से शादी का सपना देख रहा है। उसने बताया, "मुझे उसके (मालिया) प्रति रुचि 2008 में जागी। आज तक मैंने किसी को डेट नहीं किया है। मैं वादा करता हूं कि उसके प्रति वफादार रहूंगा।" उसका दावा है कि उसकी यह पेशकश सिर्फ खबरिया नहीं है।
रेयर फोटो इंटरनेट पर हुआ था वायरल
बीते महीने पहले मालिया की एक रेयर फोटो सोशल साइट पर वायरल हो गई थी। मालिया की यह फोटो सबसे पहले इंस्टाग्राम पर आई थी। फोटो में एक टी-शर्ट पहने दिख रहीं मालिया अपने हाथ पीछे कर बाल संवार रही हैं। हालांकि इस बात की पुष्टि नहीं हुई थी कि यह मालिया ही थी या उसकी तरह दिखने वाली कोई अन्य किशोरी।

Tuesday, 26 May 2015

स्मृति ने राहुल पर कसा तंज, कहा- 10 दिन के अंदर अमेठी पहुंचा दिया यूरिया का रैक

अमेठी के सलोन में स्मृति ईरानी को सुनने के लिए जुटे लोग।
अमेठी के सलोन में स्मृति ईरानी को सुनने के लिए जुटे लोग।
अमेठी. केंद्रीय मानव संसाधन और विकास मंत्री स्मृति ईरानी मंगलवार को अमेठी के एक दिवसीय दौरे पर हैं। स्मृति ईरानी ने लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट पर पहुंचते ही राहुल गांधी पर तंज कसा। उन्होंने कहा, "12 मई को अपने पिछले दौरे पर किसानों ने यूरिया उपलब्ध कराने की विशेष मांग की थी। 10 सालों से वे इसके लिए परेशान थे। मैने उनसे किया वादा निभाया है। राहुल जो 10 साल में नहीं कर पाए, वह हमारी सरकार ने एक साल के कार्यकाल में 10 दिन के अंदर कर दिखाया है। सोमवार की रात को ही यूरिया का फुल रैक अमेठी पहुंचा है। इसे किसानों को बांटा जाएगा।" यह कहकर स्मृति ने इशारों ही इशारों में यह जताने की कोशिश की है कि अमेठी की जनता ने राहुल को सांसद के रूप में चुनकर कहीं न कहीं गलती की है। इसके बाद स्मृति अमेठी के लिए रवाना हो गईं, वहां कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया।
अपने तीन दिन के दौरे पर राहुल ने ज्यादातर भूमि अधिग्रहण, फूड पार्क और किसानों के बर्बाद फसल की ही बात की थी। इन मुद्दों को लेकर वह केंद्र सरकार पर निशाना साधते रहे। मई-जून में अभी धान की रोपाई होने वाली है। फसल अच्छी हो इसके लिए किसानों को ऊर्वरक (यूरिया) की जरूरत है, जो उन्हें नहीं मिल पा रही थी। यूरिया पर सब्सिडी ज्यादा होने के कारण मार्केट में इसकी किल्लत है। ऐसे में स्मृति ने दूरदर्शिता का परिचय देते हुए अपने दौरे के पहले ही यूरिया से भरा एक फुल रैक अमेठी भिजवा दिया। ऐसा राहुल पिछले 10 सालों में भी नहीं कर पाए थे।
दौरे के ठीक पहले भाजपाइयों ने मचाया बवाल
स्मृति ईरानी के अमेठी दौरे के ठीक पहले सोमवार की रात गौरीगंज रेलवे स्टेशन पर आई खाद रैक के शुभारंभ अवसर पर भाजपाइयों ने बवाल कर दिया। भाजपा कार्यकर्ता स्मृति के पिछले दौरे में विरोध करने वाली जन कल्याण समिति की अध्यक्ष रीता सिंह को बुलाने पर इफको के क्षेत्रीय कृषि प्रबंधक पर टूट पड़े। उनकी जमकर पिटाई की और खुद रैक प्वाइंट का फीता काटकर उद्घाटन भी कर डाला। इसपर काफी बवाल हुआ। भाजपाइयों ने इफको के क्षेत्रीय कृषि प्रबंधक के साथ मारपीट भी की।
भरेंगी 25 हजार किसानों का प्रीमियम
12 मई को अपने अमेठी दौरे पर स्मृति ईरानी ने 25 हजार गरीब परिवारों को जोड़ने के लिए उनके पहले प्रीमियम के भुगतान का वादा किया था। आज वह अपने वादे के तहत प्रधानमंत्री बीमा सुरक्षा योजना के अनुसार कुल 25 हजार परिवारों का प्रीमियम भुगतान करेंगी।
चार जनसभाओं को करेंगी संबोधित
इसके बाद वह अमेठी विधानसभा क्षेत्र के मिसरौली, गौरीगंज के कमलानगर, जगदीशपुर के भागीरथपुर और तिलोई के नहर कोठी में सभाओं को संबोधित करेंगी।
राहुल को देंगी जवाब
दरअसल, अभी तीन दिन के दौरे के बाद राहुल गांधी लौटे हैं। पिछले तीन दिनों में राहुल ने जहां घूम-घूम कर किसानों से बात की, वही फूड पार्क के लिए केंद्र सरकार को जिम्मेदार ठहराया है। ऐसे में माना जा रहा है कि स्मृति ईरानी आज राहुल गांधी को वाजिब जवाब भी देंगी।
स्मृति का कार्यक्रम
सुबह करीब 10 बजे सलोन, 12 बजे अमेठी, 2 बजे गौरीगंज और शाम 4 बजे जगदीशपुर में जनसभा को संबोधित करेंगी। शाम 6 बजे तिलोई में उनका आखिरी कार्यक्रम है। इसके बाद वह लखनऊ के लिए रवाना हो जाएंगी, जहां से वह दिल्ली लौट जाएंगी।