लंदन। कभी-कभी छोटी-छोटी कोशिश बड़ा रिजल्ट दे जाती है। ऐसी ही
एक छोटी सी कोशिश ने हंगामा कर रहे प्लेन के यात्रियों को सिर्फ शांत कर
दिया बल्कि उनका दिल भी जीत लिया। दरअसल खराब मौसम की वजह से अटलांटा जा
रही डेल्टा एयरलाइंस की फ्लाइट को मंगलवार को जॉर्जिया के नॉक्सविले
एयरपोर्ट पर उतरना पड़ा। ढाई घंटे तक विमान रनवे पर खड़ा रहा। इस देरी से
यात्रियों का धैर्य जवाब दे गया। वे हंगामा करने लगे।
क्रू मेंबर यात्रियों को समझाते रहे लेकिन वे मानने को तैयार ही नहीं
हो रहे थे। एयर कंट्रोल बोर्ड की तरफ से भी उड़ान भरने की इजाजत नहीं मिल
रही थी। इस बीच विमान के पायलट ने झगड़ा रोकने के लिए एक अनोखा तरीका
निकाला। उसने बिना किसी को बताए सभी यात्रियों के लिए पिज़्जा ऑर्डर कर
दिया। वो भी अलग-अलग फ्लेवर में। इसके बाद विमान के स्टॉफ ने सभी यात्रियों
को उनकी पसंद के पिज्जा दिए। पायलट के इस प्रयास ने उसे यात्रियों के बीच
हीरो बना दिया।
लोगों को अपनी गलती का एहसास भी हुआ और उन्होंने इसके लिए पायलट से
माफी भी मांगी और पिज़्जा पार्टी के लिए उसे थैंक्स भी कहा। इन सबके बीच
अनुमति मिलने के बाद विमान ने अटलांटा के लिए उड़ान भरी और साढ़े तीन घंटे की
देरी के साथ शाम साढ़े सात बजे अपनी मंजिल पर पहुंच गया। यात्रियों ने
पिज़्जा पार्टी की फोटो टि्वटर पर पोस्ट की।
एक यात्री रिले ने लिखा कि खराब मौसम की वजह से हमारे विमान को
नॉक्सविले एयरपोर्ट पर उतरना पड़ा। इसलिए विमान के पायलट हमें पिज़्जा खिला
रहे हैं। एक और यात्री जिल ने लिखा कि इससे अच्छा क्या हो सकता है कि रात
की फ्लाइट आपकी विलंब हो जाए और आपको फ्री में पिज़्जा मिले। इसके बाद
टि्वटर पर फ्री पिज़्जा हैश टैग हो गया। खराब मौसम की वजह से इसी समय ओहियो,
मिसीसिप्पी, इलिनॉय में फंसे यात्रियों ने अपने पायलटों से पिज़्जा पार्टी
देने की मांग की।
No comments:
Post a Comment