Saturday, 23 May 2015

बेंगलुरु 3 विकेट से हारी, चेन्नई-मुंबई के बीच फाइनल 24 को

शॉट लगाते महेंद्र सिंह धोनी।
शॉट लगाते महेंद्र सिंह धोनी।
रांची (झारखंड). आईपीएल-8 के दूसरे क्वालीफायर मुकाबले में बॉलर्स के दमदार प्रदर्शन के बाद मिस्टर क्रिकेट के नाम से महशूर माइकल हसी (56) की हाफ सेन्चुरी की बदौलत चेन्नई ने बेंगलुरु को एक गेंद शेष रहते 3 विकेट से हरा दिया। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने पहले बैटिंग करते हुए 8 विकेट के नुकसान पर 139 रन बनाए। जवाब में चेन्नई सुपर किंग्स ने 7 विकेट खोकर 140 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला चेन्नई और मुंबई के बीच 24 मई को कोलकाता के ईडन गार्डन में खेला जाएगा।
बेंगलुरु ने बनाए 139 रन
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने चेन्नई सुपर किंग्स के सामने जीत के लिए 140 रनों का टारगेट रखा। आईपीएल-8 के फाइनल में प्रवेश के लिए सुपर किंग्स को चुनौती देने उतरी रॉयल चैलेंजर्स टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। मैच के पहले ओवर में आशीष नेहरा की गेंद पर गेल एकमात्र छक्का लगा सके और शेष गेंदों पर कोई रन नहीं बना पाए। सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने अपने घरेलू मैदान पर सभी को चौंकाते हुए दूसरे ओवर में ही स्पिन गेंदबाज रविचंद्रन अश्विन को आक्रमण पर बुलाया लेकिन सुपर किंग्स को पहली सफलता नेहरा ने ही दिलाई।
नेहरा ने दिलाई पहली सफलता
नेहरा ने पांचवें ओवर की पहली गेंद पर रॉयल चैलेंजर्स के कप्तान विराट कोहली (12) को मोहित शर्मा के हाथों शॉर्ट फाइन लेग पर कैच करवा दिया। नेहरा ने इसी ओवर की आखिरी गेंद पर विस्फोटक बल्लेबाज एबी डिविलियर्स (1) को भी चलता कर रॉयल चैलेंजर्स को बड़ा झटका दे दिया। पिछले मैच में नाबाद हाफ सेन्चुरी लगाने वाले मंदीप सिंह (4) इस मैच में कुछ नहीं कर सके और अश्विन का पहला शिकार हुए। अश्विन ने उन्हें माइकल हसी के हाथों कैच कराया।
गेल-कार्तिक ने जोड़े 44 रन
इस बीच अपने स्वाभाविक खेल के विपरीत संभलकर खेल रहे क्रिस गेल (41) ने दिनेश कार्तिक (28) चौथे विकेट के लिए 44 रनों की धीमी साझेदारी निभाई और टीम को संभालने की कोशिश की। गेल बेहद संभलकर खेल रहे थे, लेकिन जैसे ही उन्होंने आक्रामक रुख अपनाया सुरेश रैना ने उनको अपनी ही गेंद पर लपक लिया और पवेलियन की राह दिखा दी। 14वां ओवर लेकर आए रैना की शुरुआती दो गेंदों पर लगातार दो छक्का लगाने के बाद गेल चौथी गेंद पर अपनी विकेट गंवा बैठे। गेल ने 43 गेंदों की अपनी पारी में कुल दो चौके और तीन छक्के लगाए।
नेहरा को तीन विकेट
रॉयल चैलेंजर्स आखिरी के पांच ओवरों में 49 रन बना सके और चार विकेट गंवाए। आखिरी के ओवरों में सरफराज खान (31) ने कुछ अच्छे शॉट खेले और 21 गेंदों का सामना कर चार चौके जड़े। डेविड वीज (12) सात गेंदों में एक छक्का लगाया। धोनी के आखिरी ओवर के पसंदीदा गेंदबाज ड्वेन ब्रावो ने आखिरी ओवर में आठ रन देकर दो विकेट हासिल किए, जिसमें हर्षल पटेल (2) को धोनी ने रन आउट किया। नेहरा ने सर्वाधिक तीन विकेट चटकाए, जबकि अश्विन सबसे किफायती साबित हुए।

No comments:

Post a Comment