Saturday, 14 March 2015

बीजेपी की नई कार्यकारिणी में 179 नाम, स्मृति ईरानी और नजमा शामिल नहीं

बीजेपी की नई कार्यकारिणी में 179 नाम, स्मृति ईरानी और नजमा शामिल नहींनई दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की मीटिंग 3 और 4 अप्रैल को बेंगलुरु में होगी। इस बैठक में शामिल होने वाले नेताओं के नामों का भी एलान कर दिया गया है। कार्यकारिणी में 179 लोग शामिल हैं। इन लोगों में 111 पार्टी के वरिष्ठ केंद्रीय पदाधिकारी, 9 वर्तमान मुख्यमंत्री, 2 वर्तमान उप मुख्यमंत्री, 14 पूर्व मुख्यमंत्री, 3 पूर्व उप मुख्यमंत्री और 40 विशेष आमंत्रित सदस्य हैं। पार्टी ने गुरुवार को लिस्ट भी जारी कर दी है। लेकिन लिस्ट में कई बड़े नाम शामिल नहीं हैं। जिन लोगों के नाम नई सूची में नहीं है, उनमें कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बी.एस. येदियुरप्पा, केंद्रीय मानव संसाधन मंत्री स्मृति ईरानी, नजमा हेपतुल्ला, राज्यवर्धन राठौर, कर्नल सोनाराम और मनोज तिवारी जैसे नेता शामिल हैं।
बिहार और पश्चिम बंगाल के चुनावों पर मंथन
बीजेपी सूत्रों के मुताबिक, कार्यकारिणी में बिहार और पश्चिम बंगाल के आगामी चुनावों को लेकर रणनीति तय की जाएगी। पार्टी कार्यालय के मुताबिक, पहले यह मीटिंग 2 अप्रैल को तय की गई थी, लेकिन अब इसके कार्यक्रम में बदलाव कर इसे एक दिन आगे बढ़ा दिया गया है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, इस साल और अगले साल की शुरुआत में होने वाले चुनावों को ध्यान में रखते हुए वित्त मंत्री अरुण जेटली ने बिहार और पश्चिम बंगाल पर ज्यादा फोकस किया है। गौरतलब है कि इन दोनों ही राज्यों में दलित और अल्पसंख्यकों की अच्छी-खासी आबादी है। इसे ध्यान में रखते हुए बजट में ऐसी योजनाओं की घोषणा की गई है।
नागपुर में शुक्रवार से आरएसएस की बैठक
नागपुर में तीन दिनों तक चलने वाली आरएसएस की प्रतिनिधि सभा की बैठक कल से शुरू हो रही है। बैठक में देशभर से संघ के करीब 1400 नेता, विचारक और प्रचारक शामिल होंगे। बैठक में राष्ट्रीय महत्व के मुद्दों पर मंथन किया जाएगा। इसके अलावा, प्रतिनिधि सभा में ही आरएसएस का नया जनरल सेक्रेटरी भी चुना जाएगा। अभी भैयाजी जोशी अपना तीन साल का टर्म पूरा करने वाले दूसरे सेक्रेटरी हैं। संघ के एक पदाधिकारी के मुताबिक, नागपुर में 13 से 15 मार्च तक प्रतिनिधि सभा की बैठक में संगठनात्मक चुनाव होंगे। संघ में प्रत्येक तीन वर्ष में संगठनात्मक चुनाव होते हैं, जिसमें सरकार्यवाह और सह-सरकार्यवाह का चुनाव होता है। संघ में अभी सुरेश भैयाजी जोशी सरकार्यवाह हैं जबकि सुरेश सोनी, दत्तात्रेय होसबले और कृष्ण गोपाल सह-सरकार्यवाह हैं। प्रतिनिधि सभा की बैठक में देश भर से करीब साढ़े तेरह सौ प्रतिनिधि चुनाव में हिस्सा लेंगे।

जम्मू-कश्मीर की सरकार पर भी होगी चर्चा
संघ बैठक में जम्मू-कश्मीर में बीजेपी-पीडीपी गठबंधन सरकार की पृष्ठभूमि में अनुच्छेद 370, घर वापसी, किसानों से जुडे मुद्दों पर चर्चा होगी। संघ की यह बैठक ऐसे समय में हो रही है, जब पिछले सप्ताह भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने सरसंघचालक मोहन भागवत समेत राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शीर्ष पदाधिकारियों से मुलाकात की थी।

No comments:

Post a Comment